कांकेर। नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाल रहे बहादुर जवानों के ऊपर एक बड़ा हादसा हुआ है। डीआरजी के दो वीर जवान, धर्मेंद्र सोरी और संजय गढ़पायले, सर्चिंग ऑपरेशन से लौटते समय अचानक रास्ते में टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गए। तेज करंट के झटके से दोनों जवान झुलस गए, जिसमें धर्मेंद्र सोरी की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दोनों जवान जब लौट रहे थे, तभी बिजली की तार टूटकर उनके वाहन में फंस गई और करंट ने हमला कर दिया। धर्मेंद्र का हाथ बुरी तरह झुलस गया है, जबकि संजय की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायल जवानों की सूचना मिलते ही अंतागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंसोड तुरंत अस्पताल पहुंचे और दोनों की हिम्मत बढ़ाई। फिलहाल, दोनों की हालत पर डॉक्टरों की नजर है और उनका इलाज अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।