रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन के ठीक पहले एक बड़ा रेलवे हादसा हुआ है। सुबह करीब सात बजे बिलासपुर से दुर्ग की ओर जा रही मालगाड़ी के दो रैक अचानक पटरी से उतर गए, जिससे स्टेशन के दो ट्रेक पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।
रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेनों को प्लेटफार्म पांच और छह से डायवर्ट कर आवाजाही बहाल करने की कोशिश शुरू कर दी है। इस तकनीकी गड़बड़ी से सुबह की पिक अवर में यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मी मौके पर पहुंच गए और रैक को पटरी पर लाने का काम तेजी से शुरू कर दिया। फिलहाल प्लेटफार्म एक, दो और तीन पर आने वाली यात्री ट्रेनों को प्लेटफार्म चार, पांच और छह से डायवर्ट कर यात्रियों को निकाला जा रहा है।
इस हादसे से रेलवे नेटवर्क की गतिविधियां ठप हो गईं और यात्री सेवाओं में भारी रुकावट आई है। रेलवे प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए हर संभव कदम उठाने का भरोसा दिया है।