ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में निकली भव्य सिंदूर रैली तिरंगा यात्रा

0 चारों ओर सेना के पराक्रम और भारतमाता की जय जयकार 
0 मेयर संजय पांडे के साथ तिरंगा लेकर उमड़ी भीड़ 

जगदलपुर। नगर में आज देशभक्ति का ज्वार उमड़ पड़ा। चारों ओर भारत माता और सेना के शौर्य की जय जयकार सुनाई दे रही थी। हर हाथ में तिरंगा लहरा रहा था। महापौर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में हजारों लोगों ने देश और सेना के प्रति एकजुटता दिखाई।

 

जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय ने पहलगाम के आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में आज 17 मई को सिंदूर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया था। शाम को शहीद स्मारक सिरहासार चौक जगदलपुर से प्रारंभ हुई सिंदूर तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए दंतेश्वरी मंदिर के पास पहुंची। तिरंगा यात्रा में हर आयु वर्ग के लोग अपने अपने हाथ में तिरंगा लेकर शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में महिलाएं, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के लोग, आम नागरिक, शासकीय कर्मचारीग, छात्र-छात्राएं, भूतपूर्व सैनिक एवं सुरक्षा बलों के लोग सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए। यह यात्रा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बलों के सम्मान में आयोजित की गई थी। तिरंगा यात्रा वास्तव में इतिहास रच गई। हर व्यक्ति में देशप्रेम का जज्बा और भारतीय सेना के प्रति सम्मान का भाव नजर आ रहा था। महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को सफलता पूर्वक अंजाम दिए जाए के कारण सिंदूर तिरंगायात्रा में महिलाओं की भारी भीड़ नजर आई। यात्रा के मार्ग में भारत माता और सेना के जय जयकार हो रही थी। तिरंगा यात्रा पर जगह जगह पुष्प वर्षा भी की गई। इस दौरान महापौर संजय पांडे ने कहा कि भारतीय सेना के वीर जवानों ने पहलगाम में हमारी माता बहनों के मांग का सिंदूर उजाड़ने वाले पाकिस्तानी आतंकवादियों के नौ बड़े ठिकाने उजाड़ डाले। हम सभी भारतीय सेना के सदैव ऋणी रहेंगे। हमारे वीर जवान देश की सीमाओं में कठिन से कठिन परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम में चौबीसों घंटे चौकस रहकर मां भारती की रक्षा करते हैं। हमारे जवान अपने घर परिवार से मीलों दूर रहकर, भूखे प्यासे रहकर भी पूरी रात ड्यूटी करते हैं तब कहीं जाकर हम सभी लोग सपरिवार चैन की नींद सो पाते हैं। ऐसे वीर जवानों को मेरा नमन है। छात्रा ओशिन अग्रवाल ने सेना के शूरवीरों के सम्मान में भावपूर्ण संबोधन देकर सबका दिल जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *