बीजापुर। बस्तर के कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर एंटी नक्सल ऑपरेशन में मिली बड़ी सफलता के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षा बलों का हौसला बढ़ाने के लिए आज सीधे गलगम का दौरा किया। हैलीपेड पर जिला प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने सीएम का गरिमामय स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन और प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद रहे।
गलगम में जवानों से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारे के साथ संवाद की शुरुआत की और कहा,
हमारा संकल्प है कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त कर दिखाएंगे। यह मिशन आपके अदम्य साहस और देशभक्ति से ही संभव है।
उन्होंने जवानों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा 44 डिग्री की भयंकर गर्मी में भी आप नक्सलियों के खिलाफ निरंतर ऑपरेशन कर रहे हैं। बस्तर में नियद नेल्ला नार जैसे समर्पित अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक नया इतिहास रचा है। मैं डीजीपी गौतम से नियमित संपर्क में रहता हूं और आपके पराक्रम की जानकारी पाता हूं। मैं आप सभी जवानों को नमन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब सुरक्षा कैम्पों का स्वरूप बदल चुका है। मैं सुरक्षा कैम्प को सुविधा कैम्प कहता हूं, क्योंकि अब ये कैम्प सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि विकास की आधारशिला भी बन गए हैं। हमारी सरकार ने मूलेर में पहला सुविधा कैम्प खोला है, जहां अब राशन, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्कूल और मोबाइल टावर जैसी सुविधाएं आम लोगों तक पहुंच रही हैं। यह विकास का नया अध्याय है।
उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल विरोधी अभियान में हो रही लगातार सफलता की भी जमकर तारीफ की।