० सड़क की दुर्दशा को लेकर आंदोलन की चेतावनी
जगदलपुर। मित्तल कंपनी और सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार ने सुकमा जिले के दोटपाल और पड़वारास गांवों में कुशसन ला दिया है। कंपनी और ठेकेदार की लापरवाही के चलते सड़क की दुर्दशा हो गई है। ग्रामीण परेशान हैं। इसे देखते हुए क्षेत्र की जिलापंचायत सदस्य गीता कवासी ने क्षेत्र की जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी निभाते हुए मोर्चा खोल दिया है।
ग्रामीणों ने रोड की समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य गीता कवासी को गांव के लोगो को हो रही परेशानी से अवगत कराया। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराने और सुशासन तिहार में आवेदन देने के बाद भी सड़क निर्माण का कार्य नहीं किया जा रहा है। सड़क पर बजरी गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन और राशन लाने में परेशानी हो रही है। महिलाओं की डिलवरी या स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थिति में एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती। जिला पंचायत सदस्य गीता कवासी ने गांव का दौरा कर हालात देखे। उन्होंने बताया कि सड़क की बदहाली के लिए मित्तल कंपनी एवं और ठेकेदार जिम्मेदार हैं। इन्होने अपने फायदे के लिए रोड को जर्ज़र कर छोड़ दिया है। अब बरसात मे और आना जाना और भी मुश्किल हो जाएगा।
गीता कवासी ने ग्रामीणों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि वे बहुत जल्द जिला प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराएंगी और समस्या का समाधान करवाएंगी। गीता कवासी ने कहा है कि अगर समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया तो उन्हें और ग्रामीणों को चक्कजाम से लेकर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। गीता कवासी ने बताया कि लाल मिट्टी ठेकेदार अपने फायदे के लिए सुकमा के लोगो की जान जोखिम मे डाल रहा है। उसकी मनमानी नहीं चलेगी।ग्रामीणों की समस्या को लेकर क्यों न किरंदुल में मित्तल ऑफिस के सामने क्यों न बैठना पड़े, वे बैठेंगी। इस सड़क पर रोज दर्जनों लाल मिट्टी गाड़ी का चलना कई दुर्घटना को आमंत्रित करना है। जिला प्रशासन और मित्तल कंपनी जल्द पड़वारस से दोटपाल रोड बनाए और लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई करे।