जगदलपुर। जगदलपुर विधानसभा के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष बाफना ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से पत्र लिखकर धमतरी से जगदलपुर मार्ग के लिए स्वीकृत फोर लेन सड़क परियोजना को संशोधित करने की मांग की है। बाफना ने इस मार्ग को धमतरी से धनपुंजी तक सिक्स लेन में परिवर्तित करने का आग्रह किया, ताकि बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं से निपटा जा सके।
बाफना ने अपने पत्र में बताया कि, पिछले 5 वर्षों में इस मार्ग पर यातायात की स्थिति पहले की तुलना में बदल चुकी है। अब, प्रतिदिन 20,000 से अधिक वाहन इस मार्ग का उपयोग करते हैं, जो फोर लेन के लिए निर्धारित यातायात से कहीं अधिक हैं। उन्होंने कहा कि यातायात दबाव के कारण यह मार्ग खून से लाल हो रहा है, और प्रतिदिन औसतन 3 से 4 दुर्घटनाएं होती हैं, जिसमें 5 से 6 लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। यह एक गंभीर चिंता का विषय बन चुका है।
इसके अलावा, बाफना ने इस मार्ग के महत्व को भी उजागर किया, जिसमें 7 से अधिक छत्तीसगढ़ राज्य के जिलों और सीमावर्ती राज्यों के नजदीकी जिलों का आवागमन निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग बस्तर क्षेत्र के लोगों के लिए जीवन रेखा के रूप में कार्य करता है, और इस मार्ग के अलावा बस्तर को रायपुर से जोड़ने का कोई अन्य विकल्प नहीं है।
बस्तर में निवेश को बढ़ावा मिलेगा
बाफना ने यह भी कहा कि, सिक्स लेन सड़क से बस्तर में निवेश आकर्षित करने में मदद मिलेगी। बस्तर क्षेत्र में एनएमडीसी, एस्सार जैसी खनन कंपनियां पहले से स्थापित हैं, और अन्य बड़ी कंपनियों ने भी बस्तर में निवेश में रुचि दिखाई है। बाफना के अनुसार, बेहतर कनेक्टिविटी होने से बस्तर में निवेश आकर्षित होगा, जो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगा।
परिवहन लागत में कमी
बाफना ने आगे कहा कि, एनएमडीसी के इस्पात संयंत्र और अन्य खनिज उद्योगों के परिवहन के लिए सिक्स लेन सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे माल और श्रम की आवाजाही सुगम होगी, और परिवहन समय कम होने से उद्योगों को लाभ होगा।
सड़क सुरक्षा में सुधार
बाफना ने अंत में यह कहा कि, धमतरी से धनपुंजी तक सिक्स लेन सड़क मार्ग का निर्माण सड़क सुरक्षा में सुधार करेगा और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाएगा। यह मार्ग पर यातायात की समस्याओं और सुरक्षा खतरों को कम करने के लिए एकमात्र उपाय हो सकता है।