० क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, पवन साय समेतकई बड़े नेता आए
जगदलपुर। महापौर संजय पाण्डेय के मैत्री संघ स्थित निवास में आज भारतीय जनता के कई बड़े नेता पहुंचे। इन नेताओं ने संजय पाण्डेय को मेयर चुने जाने पर बधाई दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार विहीन कार्यप्रणाली अपनाने तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन की झलक जगदलपुर में दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री प्रदेश पवन साय, संभाग प्रभारी रजनीश सिंह, निरंजन सिन्हा आज महापौर संजय पाण्डेय के मैत्री संघ स्थित निज निवास पर पहुंचे। इन नेताओं का संजय पाण्डेय ने आत्मीय स्वागत किया। सूत्र बताते हैं कि श्री जामवाल ने संजय पाण्डेय को नसीहत दी कि जगदलपुर की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ आपको महापौर चूना है, उस भरोसे को कभी टूटने मत देना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की तरह नगर निगम में पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाते हुए नगर निगम को भ्रष्टाचार मुक्त और शहर को समग्र रूप से विकसित एवं सर्व सुविधा संपन्न बनाने की जिम्मेदारी आप पर है। दुनिया भर के पर्यटक बस्तर आते हैं और जगदलपुर में रुककर बस्तर के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हैं। इसलिए विदेशी सैलानियों के बीच साफ संदेश जाना चाहिए कि भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संजय पाण्डेय के कामकाज के तरीकों की सराहना करते हुए और भी बेहतर परफॉरमेंस दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि राज्य सरकार की ओर से जगदलपुर के विकास में धन एवं संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह राणा, लक्ष्मण झा, पार्षद खगेंद्र ठाकुर, गायत्री बघेल, संतोष गौर, पंकज आचार्य, शशिनाथ पाठक, पी. लोकेश्वर राव, आशुतोष आचार्य, विनायक बेहरा, धनेश्वर आदि भी मौजूद रहे।