
जगदलपुर। बस्तर की सांस्कृतिक परंपरा और जनभावनाओं से जुड़ा ग्राम बुरून्दवाड़ा (सेमरा) का वार्षिक ऐतिहासिक मंड़ई (मेला) इस वर्ष भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने विशेष रूप से भाग लिया।
श्री देव ने पहले ग्राम के प्रसिद्ध माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। माता मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने मेले में मौजूद ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
गांव पहुंचने पर स्थानीय जनसमुदाय ने पारंपरिक तिलक और स्वागत गीतों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा आप सभी के बीच आकर गर्व और सम्मान की अनुभूति हो रही है। बस्तर की मंडई न केवल मेलजोल का पर्व है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजनों से हमें अपने सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। भाजपा की सरकार और संगठन हमेशा जनता के साथ खड़ा है और हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस आयोजन में जनपद सदस्य, सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। मंड़ई में पारंपरिक लोकनृत्य, गीत, सांस्कृतिक प्रदर्शनी सहित ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिली। वार्षिक बुरून्दवाड़ा मंड़ई एक बार फिर बस्तर की जीवंत संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बनकर उभरा।