ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को सिंदूर की ताकत का हुआ एहसास, चुन-चुन कर आतंकी ठिकानों को किया नेस्तनाबूत : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर निवास में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीयों जवानों की वीरता को सराहा है। उन्होंने कहा कि, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को सिंदूर की ताकत का एहसास हो गया है। भारतीय जवानों ने चुन-चुन कर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूत किया है। इस जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान का एक बार फिर पूरी दुनिया के सामने चेहरा बेनकाब हुआ है। उन्होंने कहा कि, यह कार्रवाई पाकिस्तान के लिए बड़ा सबक है। भारत अब पाक पोषित आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

श्री साव ने कहा कि, मीडिया रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ है कि, अंतर्राष्ट्रीय बेइज्जती के बाद भी आतंकवादियों के शवों को पाकिस्तानी झंडे में लपेटकर खुलेआम जनाजा निकाला गया। इस जनाजे में पाक सेना के जवान और पुलिस कर्मी शामिल हुए। बड़े-बड़े अधिकारी भी इसमें शामिल हुए। शव को सैल्यूट किया गया। इससे स्पष्ट हो गया कि, पाकिस्तान और आतंकवादियों में कितना गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि, ऑपरेशन सिंदूर हमारे सेना के शौर्य, ताकत, इच्छाशक्ति का परिणाम है। इसका संदेश पूरी दुनिया में गया है। आगे श्री साव ने कहा कि, भारत पाकिस्तान के गीदड़ धमकी से डरने वाला नहीं है। भारत सरकार और सुरक्षा बल हर तरह से मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।

प्रदेश में चल रहे राज्य सरकार के सुशासन तिहार पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि, सुशासन तिहार का तीसरा चरण चल रहा है। वास्तव में जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का निराकरण हो रहा है। यही राम राज्य है, यहीं विष्णु का सुशासन है और यही सुशासन तिहार है।उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी गांव गांव जा रहे हैं। हमारे मंत्री और जनप्रतिनिधिगण शिविर में जाकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। श्री साव ने बताया कि, कल लोरमी विधानसभा के राम्हेपुर (एन) शिविर में लोगों की समस्याओं का समाधान किया। इस शिविर में लगभग 8000 आवेदन आए, जिसमें 57 आवेदनों को छोड़कर सभी आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। श्री साव ने कहा कि, समाधान शिविर में लोगों को अनेक योजनाओं का लाभ मौके पर मिला है। शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना की सांकेतिक चाबी, मछुआ समिति को जाल व आईस बॉक्स, उद्यानिकी विभाग द्वारा फलदार पौधे एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। साथ ही शिविर में 20 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *