नगर सुराज संगम: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों को समझाया शहरों के विकास का रोडमैप

रायपुर। उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने आज नगर सुराज संगम में नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों को शहरों के समग्र विकास और जनसुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए विस्तृत रोडमैप प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने पीपीटी (PowerPoint Presentation) के जरिए अगले पांच वर्षों के कार्ययोजना पर गहरी चर्चा की, जिसमें अटल विश्वास पत्र, कचरा प्रबंधन, स्वच्छता, शहरी परिवहन, निर्माण गुणवत्ता, कर संग्रहण और सिटी डेव्हलपमेंट प्लान जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी।

श्री साव ने कहा कि ‘‘आप लोग शहर के प्रथम नागरिक हैं, और आपके द्वारा किए गए कार्यों से ही शहर की तस्वीर बदल सकती है। शहरवासियों को अपना परिजन मानते हुए उनके हित में काम करें।’’ उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे शहरों में ऐसे विकास कार्य करें जो नागरिकों के जीवन को और बेहतर बनाएं, और शहरों को सुंदर, स्वच्छ और सुविधापूर्ण बनाए।

उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर दिया और कहा कि प्रत्येक घर में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इसे कड़ाई से लागू किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों को यह भी बताया कि कैसे संसाधनों का बेहतर उपयोग और नवाचारों से शहरों का कायाकल्प किया जा सकता है।

इस कार्यशाला में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने कहा, ‘‘इस संगम का उद्देश्य नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं और नगरीय प्रशासन से संबंधित अधिनियमों की जानकारी देना है। यह मंच संवाद का अवसर प्रदान करता है, ताकि आप अपनी शंकाओं का समाधान पा सकें।’’

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यशाला में सभी जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की और कहा कि यह कार्यशाला उनके शहरों के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक आर. एक्का और सुडा के सीईओ शशांक पाण्डेय भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *