शव दफनाने को लेकर विवाद, परिजनों ने किया चक्कजाम

०  सरगीपाल के धर्मांतरित युवक की अंत्येष्टि रोकी ग्रामीणों ने 
बकावंड। विकासखंड बकावंड के ग्राम सरगीपाल में एक धर्मांतरित युवक के अंतिम संस्कार को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। ग्रामीण अपने गांव में शव न दफनाने देने पर अड़ गए हैं। वहीं इसके विरोध में मृतक के परिजन और ईसाई समुदाय के लोग शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने चक्कजाम भी कर दिया।
ग्राम पंचायत सरगीपाल निवासी 35 वर्षीय अजय बघेल बीते 21 अप्रैल को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उसकी मृत्यु हो गई। परिजन अजय के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सरगीपाल और दशापाल के ग्रामीण एकजुट होकर शव को गांव में दफनाने का विरोध करने लगे। ग्रामीणों का कहना था मृतक व उसके परिजन क्रिश्चियन धर्म अपना चुके हैं। मृतक के परिवार पहले हिंदू थे इसलिए हिंदू रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाए। वहीं
मृतक के परिजन ईसाई धर्म के अनुसार अंतिम संस्कार पर अड़ गए। काफी गहमा गहमी के बाद मृतक के परिजन और क्रिश्चियन समुदाय के लोगों ने रोड पर बैठ कर चक्काजाम कर दिया। वे नारे लगाते रहे कि हमें संविधान चाहिए, कब्रिस्तान चाहिए। खबर मिलने पर एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, तहसीलदार जागेश्वरी गावड़े, थाना प्रभारी डोमेंद्र सिन्हा तुरंत मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं है। समाचार लिखे जाने तक चक्कजाम और विवाद की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *