रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा को करारा जवाब देते हुए इसे पूरी तरह से स्वार्थ सिद्धि यात्रा करार दिया। रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अपने स्वार्थ और सत्ता की खातिर संविधान का उल्लंघन करती रही है और अब सत्ता से बाहर होते ही संविधान का राग अलापने की नौटंकी कर रही है।
कांग्रेस की संविधान यात्रा जनता की आंखों में धूल झोंकने के अलावा कुछ नहीं है! – उप मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस सत्ता में थी, तब तक वह संविधान का सम्मान नहीं करती थी। अब जब वह सत्ता से बाहर हैं, तो अचानक संविधान बचाने की बात करने लगी हैं।
श्री साव ने आगे कहा कि भाजपा के लिए भारत का संविधान सर्वोपरि है, और हमारी सरकार संविधान के अनुरूप ही काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ सरकार के कड़े कदमों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा जो नेता नक्सलवाद और अलगाववाद का समर्थन कर रहे हैं, वे आदर्श राजनीति से दूर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ देशभर में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जा रही है, जिसे पूरी दुनिया सराह रही है। जो राष्ट्र भक्त हैं, उन्हें सरकार के अच्छे कामों का समर्थन करना चाहिए, और यही आदर्श राजनीति है। – श्री साव ने कहा।
उन्होंने नक्सलियों के खात्मे के लिए भारत सरकार और राज्य सरकार के समन्वय से चल रही रणनीतियों और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। भारत सरकार ने मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है, और इस मिशन में राज्य सरकार भी पूरी तरह से साथ है।