छत्तीसगढ़ बना जीएसटी संग्रह में अग्रणी राज्य, कैट ने मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री को दी बधाई, व्यापारियों का जताया आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने अप्रैल 2025 में जीएसटी संग्रहण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के शीर्ष 15 राज्यों में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी को बधाई दी है, साथ ही प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों का विशेष आभार जताया है।

कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी, चेयरमेन मगेलाल मालू, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव, महामंत्री सुरिन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि छत्तीसगढ़ ने अप्रैल में ₹4,135 करोड़ का जीएसटी संग्रहण किया, जो राज्य की मजबूत आर्थिक नींव और व्यापारिक संरचना का प्रमाण है।

अमर पारवानी ने कहा छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा व्यापार और उद्योग को सशक्त बनाने के लिए उठाए गए ठोस कदमों और व्यापारियों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य ने केरल, पंजाब और बिहार जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए व्यापारिक दृष्टि से एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी ने कहा कि बीते 15 महीनों में राज्य सरकार ने नियमों का सरलीकरण, गैर-जरूरी कानूनों की समाप्ति, ऑनलाइन सेवाओं की सहज उपलब्धता और उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को आसान बनाने जैसे कई अहम फैसले लिए हैं, जिससे उद्योग जगत में उत्साह और निवेश का वातावरण बना है।

कैट पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह आर्थिक सफलता केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि यह राज्य की आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कैट ने दोहराया कि वह राज्य सरकार के साथ मिलकर एक विकसित और औद्योगिक छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपना पूर्ण सहयोग देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *