डोंगरगढ़ में बड़ा रोपवे हादसा, भाजपा नेताओं की जान बाल-बाल बची, भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल

० मां बम्लेश्वरी मंदिर में सवार रोपवे ट्रॉली अचानक गिर गई, सुरक्षा पर उठे सवाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

डोंगरगढ़। एक बार फिर डोंगरगढ़ में स्थित प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में एक बड़ा हादसा हुआ है, जिसने राज्य में हड़कंप मचा दिया। शुक्रवार दोपहर को मंदिर के पहाड़ी पर स्थित रोपवे की ट्रॉली अचानक रोप से टूटकर गिर गई। इस हादसे में भाजपा के बड़े नेताओं की जान बाल-बाल बची, हालांकि भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

रोपवे ट्रॉली का गिरना, नेताओं में घबराहट
जानकारी के अनुसार, मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा, भरत वर्मा, भाजपा नेता मनोज अग्रवाल, और दया सिंह रोपवे में सवार थे। अचानक बीच रास्ते में ही ट्रॉली का रोप टूट गया और वह पहाड़ी से नीचे गिर गई। हादसे में पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन भरत वर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तुरंत राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी पुलिस और प्रशासन
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल था, लेकिन राहत की बात यह रही कि बाकी सभी नेता सुरक्षित हैं। हादसे के बाद रोपवे संचालन को तत्काल रोक दिया गया और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

मुख्यमंत्री का ट्वीट: भरत वर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे की सूचना मिलते ही ट्वीट किया और लिखा डोंगरगढ़ में रोपवे हादसे का समाचार मिला है। रोपवे में वरिष्ठ भाजपा नेता रामसेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा समेत अनेक लोग सवार थे। हादसे में भरत वर्मा आंशिक रूप से घायल हुए हैं। शेष सभी कुशल हैं। भरत वर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं
यह हादसा डोंगरगढ़ में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। क्या प्रशासन ने रोपवे के संचालन से पहले उसकी सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर उचित कदम उठाए थे? चुनावी माहौल में भाजपा नेताओं की सुरक्षा को लेकर और सवाल उठने लगे हैं। क्या यह घटना सुरक्षा में लापरवाही का परिणाम था?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *