0 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
0 गुणवत्ता एवं समय सीमा में कार्य करने के निर्देश
जगदलपुर। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष किरण सिंह देव निर्माण कार्यों की स्वीकृति दिलाने के लिए जीतने संजीदा हैं, उतने ही संजीदा वे स्वीकृत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति को लेकर भी हैं। वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में लगातार विकास एवं निर्माण कार्य स्वीकृत करा रहे हैं। श्री देव इन कार्यों की गुणवत्ता एवं समय पर पूर्णता को लेकर हमेशा नजर रखते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने विधानसभा क्षेत्र में ज्योति नर्सरी से करकापाल जंक्शन एवं बोधधाट थाना तक निर्माणाधीन सड़क के कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने जगदलपुर के जनमानस की बहुप्रतीक्षित मांग ज्योति नर्सरी से करकापाल एवं बोधघाट थाना तक 4.50 किलोमीटर सड़क के लिए 9 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति दिलाई है। इस राशि से सड़क मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण निर्माण कार्य हो रहा है। विधायक ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने अधिकारियों एवं ठेकेदार को सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने एवं समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। श्री देव ने बताया इस मार्ग की मांग वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। हमारी सरकार बनने के पश्चात इस मार्ग की मांग को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव के समक्ष रखा गया था, जिस पर हमारी डबल इंजन की सरकार ने स्वीकृति के पश्चात निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा और जनता को जल्द सड़क निर्माण की सौगात प्राप्त होगी। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों एवं शहर वासियों को आवागमन की काफी सुविधा होगी। श्री देव ने कहा कि जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में नगरीय निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्र में लगातार चहुमुखी विकास कार्य हो रहे हैं। जनमानस को मूलभूत सुविधा देना हमारा दायित्व एवं कर्तव्य है जिसको हमारी सरकार में लगातार पूरा किया जा रहा है। प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप, रिंकू पांडे, कार्यपालन अभियंता राजीव बतरा, उप अभियंता सीबी केसरिया, मोहम्मद परवेज खान एवं अक्षय सिंह साथ उपस्थित थे।