जगदलपुर। बस्तर जिले के कलेक्टर हरिस एस ने 31 मई तक अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया है। विशेष परिस्थितियों में कलेक्टर के आदेश से ही अवकाश मिलेगा। कलेक्टर जिला बस्तर, जगदलपुर ने आदेश में कहा है कि शासन से प्राप्त निर्देशानुसार सुशासन तिहार-2025 का आयोजन 8 अप्रैल से दिनांक 31 मई-2025 के मध्य किया जा रहा है। इस दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के कियान्वयन, आम जनतां के समस्याओं का समयबद्ध निराकरण विकास कार्यों में गति लाने हेतु इस तिहार को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाये जाने के दृष्टिकोण से जिले में सुशासन तिहार-2025 के सफल आयोजन एंव उसके संचालन के दौरान विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों को मुख्यालय में रहना अनिवार्य होगा। यदि विशेष कारणों से अवकाश की आवश्यकता होती है तो स्वीकृति कलेक्टर द्वारा दी जाएगी। यह निर्देश तत्काल प्रभावशील होगा।