0 कांग्रेस का आरोप ईडी नहीं, भाजपा का हथियार बन चुकी है केंद्र की एजेंसी, सोनिया-राहुल पर चार्जशीट राजनीतिक बदले का हिस्सा
रायपुर। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा विपक्ष को डराने, दबाने और बदनाम करने की कथित रणनीति के खिलाफ आज छत्तीसगढ़ की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। कांग्रेस ने ईडी की कार्यवाही को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए राजधानी रायपुर समेत सभी जिला मुख्यालयों में ज़ोरदार धरना प्रदर्शन किया। राजधानी में राजीव गांधी चौक पर हुए इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर गरजे ईडी की तानाशाही नहीं चलेगी!
एआईसीसी महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा यह सब एक साजिश है, एक सोची-समझी चाल है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को बदनाम करने के लिये ईडी को मोहरा बनाया गया है। नेशनल हेराल्ड देश की आजादी की गूंज थी, उसी आवाज़ को दबाने की कोशिश हो रही है। भाजपा को ये याद रखना चाहिए कांग्रेस झुकेगी नहीं, डरेगी नहीं!
उन्होंने सवाल दागा जब कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ कर्मचारियों की मदद की, तब उसमें मनी लॉन्ड्रिंग कैसे हो गई? क्या अब देशसेवा भी गुनाह है? भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार का काम सिर्फ विपक्ष को डराना है, लेकिन ये कांग्रेस है लड़ना जानती है, झुकना नहीं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने भी सत्ता पर जमकर हमला बोला
भाजपा गांधी परिवार के त्याग और बलिदान को झुठलाने की साजिश कर रही है। जिस कंपनी में एक पैसा इधर-उधर नहीं हुआ, वहां मनी लॉन्ड्रिंग का मामला बनाना लोकतंत्र का मज़ाक उड़ाना है। ये मोदी सरकार का डर है राहुल गांधी से डर, कांग्रेस से डर, सच से डर!
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ खड़ा है साजिशों से नहीं डरेंगे, सड़कों से संसद तक संघर्ष होगा!
धरना में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता डटे रहे। जनसभा में शामिल प्रमुख चेहरे
धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, मलकीत सिंह गैदू, प्रतिमा चंद्राकर, छाया वर्मा, विकास उपाध्याय, अनीता शर्मा, सुशील आनंद शुक्ला, कुलदीप जुनेजा, एजाज ढेबर, धनंजय सिंह ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी।
धरने की गूंज सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं रही
बलौदाबाजार से लेकर बस्तर तक, कोरबा से कांकेर तक, हजारों कांग्रेसजन सड़कों पर उतरे। प्रदेश के हर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ज़ोरदार प्रदर्शन हुआ ईडी की ज्यादती नहीं सहेंगे, लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे!
कांग्रेस का दो टूक ऐलान
हमारे खाते सील कर दो, बंगले छीन लो, साजिशें रचो लेकिन कांग्रेस का हौसला मत आज़माओ। लड़ाई अब निर्णायक होगी!