प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दुर्ग कांड पर खोला मोर्चा,पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने कांग्रेस की न्याय पथ पदयात्रा 18 अप्रैल से

०  21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास घेरने की तैयारी
जगदलपुर। दुर्ग में एक अबोध बच्ची से दुराचार और उसकी हत्या के मामले को लेकर अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सड़क की लड़ाई शुरू कर दी है। इस मामले में कांग्रेस ने “न्याय पथ पर कांग्रेस” अभियान शुरू किया है। इसके तहत 18 अप्रैल को दुर्ग से दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस के लोग रायपुर तक पदयात्रा निकालेंगे और 21 अप्रैल को रायपुर पहुंच कर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज कल पीड़ित परिवार से मुलाकात करने दुर्ग पहुंचे थे। परिजनों से मिलकर श्री बैज ने घटना पर दुख जताया और संवेदना प्रकट की। पत्रकारों से चर्चा करते हुए दीपक बैज कानून व्यवस्था को लेकर साय सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है, महिलाओं, युवतियों और मासूम बच्चियों के साथ लगातार दरिंदगी की घटनाएं हो रही हैं, लूटपाट, हत्या, डकैती, छेड़खानी के अपराधों का ग्राफ बढ़ गया है। राज्य में कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं रह गया है। दुर्ग की घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री से राज्य की कानून व्यवस्था सम्हाली नहीं जा रहा है, दुर्भाग्य से वे दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। ऐसे हालात में विजय शर्मा को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। दीपक बैज ने न्याय पथ पर कांग्रेस अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि दुर्ग के पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने और राज्य की कानून व्यवस्था में सुधार के लिए कांग्रेस 18 अप्रैल को पीड़ित परिवार के घर के पास से पदयात्रा निकलेगी जो रायपुर तक जाएगी। 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *