राजधानी रायपुर में बड़ा खुलासा: 20 लाख की हुक्का तस्करी का पर्दाफाश, सगे भाई गिरफ्तार!

रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खम्हारडीह और गोलबाजार इलाके में छिपकर चल रहे हुक्का तस्करी के गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो सगे भाइयों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई सामग्री की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।

राजीव नगर में छिपा था ‘हुक्का सिंडिकेट’ का गोदाम

थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर के एक मकान में आरोपी मोहनलाल मंदानी द्वारा भारी मात्रा में हुक्का से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री का भंडारण और बिक्री की जा रही थी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने पुख्ता सूचना पर पाईंटर भेजकर टेस्ट पर्चेस कराया, जिसके बाद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को वहां से हुक्का पॉट, पाइप, नोजल, कोल, फ्लेवर, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित सामग्री का बड़ा जखीरा मिला। आरोपी किसी भी वैध दस्तावेज को पेश नहीं कर पाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जयस्तंभ चौक पर ‘राज पान पैलेस’ बना था नशे का अड्डा

इसी दिन, दूसरी टीम ने थाना गोलबाजार क्षेत्र के जयस्तंभ चौक स्थित ‘राज पान पैलेस’ पर दबिश दी। दुकान संचालक अशोक कुमार मंदानी को भी प्रतिबंधित हुक्का सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस को वहां से भी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित माल मिला।

दोनों भाई पहले भी जा चुके हैं जेल

गिरफ्तार मोहनलाल मंदानी (63) और अशोक कुमार मंदानी (58), दोनों सगे भाई हैं और पूर्व में भी हुक्का सामग्री की अवैध बिक्री और भंडारण के मामलों में जेल की हवा खा चुके हैं। फिर भी ये नशे के इस धंधे को दोबारा अंजाम दे रहे थे।

20 लाख की अवैध सामग्री जब्त, FIR दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह और थाना गोलबाजार में धारा 4(क), 21(1) सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 और संशोधन अधिनियम 2023 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *