रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से सुशासन तिहार की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर स्थित अपने आवास में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि यह तिहार साय सरकार की जन सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। 31 मई तक चलने वाले इस महाअभियान के तीन चरण होंगे, जिसमें सरकार सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगी और योजनाओं की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ रस्म अदायगी नहीं, बल्कि भविष्य की नीतियों को धरातल से जोड़ने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। इससे नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों की हकीकत सामने आएगी और आम जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलेगा। श्री साव ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
दुर्ग कांड पर बोले अरुण साव : घटना हृदयविदारक, राजनीति न करे कांग्रेस, आरोपी को नहीं मिलेगी कोई राहत
दुर्ग में मासूम बच्ची के साथ हुई विभत्स घटना पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गहरा दुख जताया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा यह घटना बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली है। पूरा प्रदेश और सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। श्री साव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भावनात्मक मुद्दों पर राजनीति करना कांग्रेस की आदत बन गई है। पांच साल उन्होंने अपराधियों को संरक्षण दिया, कानून व्यवस्था का मज़ाक बनाया और अब वे सच्चे न्याय की बात कर रहे हैं। यह दोहरा मापदंड अब जनता समझ चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हम न्याय देंगे, सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
भाजपा संगठन की बैठकों पर दी जानकारी
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्टी संगठन की बैठकें नियमित रूप से होती हैं, जिनमें राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, और प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन जैसे वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। अलग-अलग वर्गों की बैठकों के माध्यम से पार्टी आगामी कार्यक्रमों को गति देगी।