रायपुर। कुम्हारी टोल प्लाजा में हो रही कथित अवैध वसूली को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने एलान किया है कि जब तक टोल प्लाजा नहीं हटता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन चलता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ज़रूरत पड़ी तो दिल्ली तक सड़क की लड़ाई लड़ी जाएगी।
उपाध्याय और पूर्व विधायक कुलदीप जूनेजा ने इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने के लिए समय मांगा है। विकास उपाध्याय ने कहा कुम्हारी टोल प्लाजा में जनता से जबरन वसूली की जा रही है। एनएचएआई को कई बार बताया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब इस लड़ाई को दिल्ली तक ले जाएंगे।
जब रोड टैक्स दिया है तो टोल क्यों? – उठाया बड़ा सवाल
उन्होंने केंद्र सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा जनता वाहन खरीदते वक्त रोड टैक्स देती है, फिर दोबारा टोल टैक्स वसूलना सीधा डाका है। ये जनता की जेब में हाथ डालने जैसा है! उपाध्याय ने केंद्रीय मंत्री गडकरी के 2021 के बयान का हवाला देते हुए कहा कि संसद में उन्होंने वादा किया था कि बहुत जल्द देशभर में टोल नाके हटाकर जीपीएस सिस्टम लागू किया जाएगा, और 60 किमी के दायरे में सिर्फ एक टोल प्लाजा होगा। लेकिन कुम्हारी और मंदिर हसौद के बीच की दूरी, और दुर्ग व राजनांदगांव के टोल की दूरी खुद इस दावे की पोल खोलते हैं।
अब जनता सड़कों पर उतरेगी!
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब यह मुद्दा जन आंदोलन बनाएगी। उन्होंने कहा ये लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ी जाएगी। अगर टोल प्लाजा नहीं हटा, तो कुम्हारी से लेकर दिल्ली तक हल्ला बोल होगा! उन्होंने साफ कर दिया कि इस लड़ाई में न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ता बल्कि आम जनता भी सड़क पर उतरेगी। कुम्हारी टोल अब सिर्फ एक बूथ नहीं, जनता की नाराज़गी का प्रतीक बन चुका है।