0 जांच एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल कर रही है भाजपा सरकार : रेखचंद जैन
जगदलपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेंद्र यादव और अन्य कांग्रेसजनों के आवासों पर सीबीआई की छापेमारी के विरोध में यहां कांग्रेस के लोगों ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों का पुतला दहन किया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के लोगों ने जगदलपुर के राजीव भवन के समक्ष केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने बताया छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं पर हो रही केंद्रीय एजेंसियों की द्वेषपूर्ण कार्रवाई लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। जब से भाजपा सरकार बनी है, वह विपक्षी दलों को दबाने का प्रयास कर रही है। ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, कांग्रेस नेताओं के खिलाफ गलत आरोप पत्र तैयार कर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर छापा मारने और जेल भेजने का काम भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है।15 महीने की विष्णु देव सरकार के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। इसलिए जनता का ध्यान भटकाने और प्रधानमंत्री के सामने यह दिखाने का प्रयास कि हम कार्रवाई कर रहे हैं। कुल मिलाकर सीबीआई का दुरुपयोग कर माहौल तैयार किया जा रहा है। ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार की जांच हो रही है, तो क्या भ्रष्टाचार केवल कांग्रेस में ही दिखता है? भाजपा नेताओं पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती? उन्होंने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि भाजपा भूपेश बघेल की लोकप्रियता से डरी हुई है, इसलिए बदले की कार्रवाई कर रही है। लेकिन कांग्रेस इसका डटकर विरोध करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी। इस दौरान महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, चंपा ठाकुर, अंगद त्रिपाठी, हनुमान द्विवेदी, वेंकट राव, महामंत्री जाहिद हुसैन, अवधेश झा, राजेश चौधरी, विक्रम सिंह डांगी, कौशल नागवंशी, सहदेव नाग, सुषमा सुता, रविशंकर तिवारी, राजेश राय, पार्षद बलराम यादव, सूर्या पानी, शुभम यदु, कोमल सेना, ललिता राव, संदीप दास, लोकेश चौधरी, आदर्श दलाई, तरणजीत सिंह, एस नीला, जस्टिन भवानी, पुरुषोत्तम दास, लोकेश नंदा, हर्ष शर्मा, बालो बघेल, देवकी भद्र, श्याम कुमारी ध्रुव आदि मौजूद रहे।