रायपुर। आज रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने नालंदा परिसर द्वितीय चरण का प्रजेंटेशन देखा, जिसे नगर निगम रायपुर के अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, सहायक अभियंता अंशुल शर्मा और वास्तुविद जाकिर खान ने प्रस्तुत किया। यह नालंदा परिसर योजना रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लागू की जा रही है और यहाँ 24×7 लाइब्रेरी की सुविधा दी जा रही है, जो बहुत लोकप्रिय हो रही है। इस लाइब्रेरी में सदस्यता के लिए वेटिंग लिस्ट में एक हजार से अधिक लोग हैं।
विधायक राजेश मूणत ने विद्यार्थियों और युवाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नालंदा परिसर द्वितीय चरण की योजना की आवश्यकता को महसूस किया और अधिकारियों को इसके प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा करने के निर्देश दिए। प्रजेंटेशन को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और अधिकारियों को शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने की सलाह दी। विधायक मूणत ने कहा कि प्राक्कलन तैयार होने के बाद वे इसे राज्य सरकार से स्वीकृति दिलवाने के लिए प्रयास करेंगे। इस मौके पर नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ और पूर्व शहर भाजपा अध्यक्ष जयन्ती भाई पटेल भी उपस्थित थे।