0 सांसद, विधायक और महापौर मांगें माफी
0 मंदिरों के शेड तोड़ने पर बिफरे कांग्रेस जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य
जगदलपुर। यहां राजीव भवन में प्रेसवार्ता में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने भाजपा पर शहर में अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा बस्तर की शांत फिजा में जहर घोलने का कार्य कर रही है।
सुशील मौर्य ने कहा कि हिंदू हित की बात करने वाली भाजपा सरकार हिंदुओं के साथ क्या कर रही है यह शहर की जनता देख रही है। महापौर संजय पांडे ने मंत्रोच्चार के साथ शपथ ली थी। सुंदरकांड पाठ के साथ एमआईसी का गठन किया गया। दो दिन बाद ही पंडित सुंदरलाल शर्मा वार्ड के माता मंदिर के शेड को तोड़ दिया गया। जिससे शहर में अशांति फैली साथ ही लालबाग में स्थित मंदिर शेड को भी तोड़ दिया गया। भाजपा के नेता स्पष्ट करें कि विकास का यह कौन सा पैमाना है? श्री मौर्य ने कहा कि यह दोनों जगह पर तोड़ने का कार्य करने से पहले क्या भाजपा के नेताओं ने स्थानीय लोगों से बात की थी? क्या आपने प्रशासन के माध्यम से आपसी कोई बैठक कराई थी, इस विषय पर बैठक बुला सकते थे पर ऐसा नहीं किया? भाजपा नेताओं ने आनन फानन में प्रशासन पर दबाव बनाया और अधिकारियों द्वारा तोड़वाने का कार्य किया गया जिससे शहर में अशांति फैली। हिंदूवादी संगठनों को चक्काजाम करना पड़ा। उससे लोगों को परेशानी हुई।क्या यही है ट्रिपल इंजन की सरकार? कुल मिलाकर भाजपा हिंदुओं के साथ खिलवाड़ और धार्मिक स्थानों के साथ छलावा कर रही है। कांग्रेस की सरकार ने 500 से अधिक मातागुड़ी का जीर्णोद्धार कराया है कभी किसी मंदिर को तोड़ने का कार्य नहीं किया। हिन्दू हित की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने जो हिन्दुओं पर कुठाराघात किया है उससे भारतीय जनता पार्टी का चाल चरित्र शहर की जनता के सामने उजागर हो चुका है। 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे रमन सिंह के कार्यकाल में किसी एक भी मंदिर का जीर्णोद्धार तक नहीं हुआ। कांग्रेस ने ही जीर्णोद्धार कराया, पुजारियों का मानदेय बढ़ाया। राम वन गमन पथ निर्माण का ऐतिहासिक कार्य कांग्रेस पार्टी ने किया। दंतेवाड़ा में मंदिर का बेहतर कार्य भी कांग्रेस पार्टी ने किया। श्री मौर्य ने आगे कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा हिंदुओं के खिलाफ कार्य करती है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का कार्य करती है। धर्म से धर्म और जाति से जाति को लड़ाने का कार्य करती है, हमने लोगों की भावनाओं के अनुरूप छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित कर छ्त्तीसगढ़िया मान सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाने का कार्य किया किन्तु दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान किया है। इनके कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ महतारी का छायाचित्र तक नहीं दिखता है। राज्य गीत तक नहीं गाया जाता है कुल मिलाकर भाजपा साधु के वेश में बस्तर की जनता से खिलवाड़ कर रही है। क्षेत्रीय विधायक, सांसद और महापौर को शहर की जनता से माफी मांगनी चाहिए।