पंचायत सचिवों ने जलाई शासन के आदेश की प्रतियां

०  कार्रवाई की धमकी से बिफर पड़े पंचायत सचिव 
बकावंड। जनपद पंचायत बकावंड के पंचायत सचिवों की हड़ताल लगातार जारी है। इस बीच आज 22 मार्च को पंचायत सचिवों ने शासन के उस आदेश की प्रतियां जलाई, जिसमें सचिवों को तत्काल ड्यूटी पर लौटने कहा गया है तथा आदेश की अवहेलना करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बकावंड ब्लॉक मुख्यालय में पंचायत सचिव लगातार हड़ताल पर बैठे हुए हैं। उनकी हड़ताल के चलते ग्राम पंचायतों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों के जरुरी काम अटक गए हैं। इस बीच शासन ने सभी कलेक्टरों को आदेश जारी कर कहा है कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में कार्यरत समस्त ग्राम पंचायत सचिव 17 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिसकी वजह से प्रदेश की ग्राम पंचायतों का कार्य प्रभावित हो रहा है। हड़ताल की वजह से ग्राम पंचायतों द्वारा दी जाने वाली अनिवार्य सेवाओं तथा हितग्राहीमूलक शासकीय योजनओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्राम पंचायतों के कार्यों की अनिवार्यता को दृष्टिगत रखते हुए समस्त हड़ताली ग्राम पंचायत सचिवों को 24 घंटे के भीतर हड़ताल समाप्त कर अपने कर्तव्य पर लौटने के संबंध में अपने स्तर से निर्देश प्रसारित करें। निर्देश की अवहेलना करने वाले ग्राम पंचायत सचिवों के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई किया जाए। शासन के इस आदेश ने पंचायत सचिवों की जले पर नमक छिड़क दिया है। आज सचिवों ने इस आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *