जगदलपुर। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुरा में इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ए. एन. एम., स्टाफ नर्स, महिला चिकित्सक, शिक्षिकाओं और अन्य महिलाओं का सम्मान पौधे से सजे गमलों के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर वार्ड पार्षद पूनम सिन्हा और बसंती समरथ उपस्थित रहीं। संस्था प्रमुख डॉ. सुनील बेविन चाको और डॉ. लक्ष्मी देवी ने महिला पार्षदों का स्वागत किया। इस दौरान पूनम सिन्हा ने महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं केवल घर का काम ही नहीं करतीं, बल्कि समाज कल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने महिला डॉक्टरों, स्टाफ नर्स और मितानिनों की सराहना की और कहा कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में सशक्त हो चुकी हैं। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद, संस्था के स्टाफ, सुपरवाइजर, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और अन्य महिलाएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।