रायपुर। महात्मा गांधी मार्ग व्यापारी विकास संघ की आमसभा का आयोजन अग्रसेन भवन, जवाहर नगर में किया गया। यह सभा राष्ट्रगान से प्रारंभ हुई और कोषाध्यक्ष अशोक छाबड़ा ने संघ के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सभी सदस्यों ने स्वीकृति दी। इसके बाद, अध्यक्ष संजय जादवानी ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने संस्था को व्यवस्थित करने, व्यापारियों का डाटा संग्रहित करने, यातायात व्यवस्था को सुधारने, पुलिस गश्त बढ़ाने और कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को किया। इसके साथ ही, उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ योजनाएं पूरी नहीं हो पाई हैं, जिन्हें आगामी कार्यकारिणी के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
संजय जादवानी ने यह भी कहा कि दीपावली मिलन और होली मिलन जैसे आयोजनों के माध्यम से व्यापारी समुदाय के बीच सामूहिक सहयोग और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने सभी व्यापारियों का धन्यवाद किया और कार्यकारिणी के सभी सदस्यगण को उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
महामंत्री जैन विकास सिपानी ने पिछले तीन वर्षों में की गई विभिन्न कार्यकारिणी बैठकों और आम सभाओं का जिक्र किया, साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना प्रसारण और सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद, अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी भंग की और चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए चुनाव अधिकारी विक्रम सिंह देव और घनश्याम पोद्दार को आमंत्रित किया। चुनाव अधिकारी ने बताया कि किसी भी सदस्य से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं मिला, जिसके बाद उपस्थित व्यापारियों ने संजय जादवानी का नाम पुनः प्रस्तावित किया। प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने हर्ष के साथ स्वीकार किया और सर्वसम्मति से संजय जादवानी को आगामी सत्र 2025-28 के लिए अध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 25 के नवनिर्वाचित पार्षद अवतार बागल भी उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय जादवानी को बधाई दी और साथ मिलकर कार्य करने का आश्वासन दिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय जादवानी ने अपने प्रथम उद्बोधन में सभी व्यापारियों का धन्यवाद किया और चुनाव अधिकारियों को मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी सत्र में और बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।
सभा के अंत में, व्यापारियों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दी और नव निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक सुरिंदर सिंह, महेंद्र तलरेजा, कार्यकारी अध्यक्ष मन्नू वाधवानी, महेश प्रसाद राय, सहसचिव परेश पारेख सहित कई व्यापारी मौजूद थे।