बस्तर जनपद पंचायत में फिर भाजपा का कब्जा

0  अध्यक्ष बने संतोष बघेल, उपाध्यक्ष पद पर जयबती कश्यप की जीत 
0 20 वर्षो से बस्तर जनपद पंचायत पर भाजपा का कब्जा, योजनाबद्ध रणनीति
0 भाजपा समर्थित एक सदस्य ने किया क्रॉस वोटिंग, कांग्रेस के सूरज कश्यप को 13-11 से हराया
जगदलपुर। बस्तर जनपद पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित संतोष बघेल कांग्रेस समर्थित सूरज कश्यप को 13-11 के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर काबिज हुए। चुनाव से पहले भाजपा समर्थित जनपद सदस्यों की संख्या 14 थी, जबकि कांग्रेस के पास 10 सदस्य थे। जिनमें एक भाजपा समर्थित सदस्य के क्रॉस वोट करने से जीत का अंतर एक वोट कम हो गया। बावजूद चुनाव के दौरान भाजपा समर्थित सदस्य संतोष बघेल की जीत सुनिश्चित हो गई।
भाजपा के समर्थित सदस्य एकजुट रहे और अध्यक्ष पद पर कब्जा करने में सफल रहे। इधर उपाध्यक्ष पद के लिए हुइ वोटिंग में भाजपा की जयबती कश्यप को 14 जबकि कांग्रेस समर्थित अनिता जोशी को 10 वोट मिले। इस तरह जनपद उपाध्यक्ष पर भी भाजपा का कब्जा हो गया। इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक डॉ सुभाऊ कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, श्रीनिवास राव मद्दी, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपसिंग मंडावी,भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव, रामानंद मिश्रा, डॉ व्हीएस राजपूत, उदभोराम नाग, तरुण चोपड़ा, असगर खान, सत्यम झा, आशीष मिश्रा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। जबकि कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेम शंकर शुक्ला, पूर्व विधायक चंदन कश्यप, गणेश बघेल, राजीव नारंग, अचल वाजपेयी, श्याम दीवान, गोपाल तिवारी, श्याम कुमारी ध्रुव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जनता और कार्यकर्ताओं की जीत

भाजपा जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने जीत पर कहा कि यह देवतुल्य जनता, समर्पित कार्यकर्ता के परिश्रम का नतीजा है कि जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई। पूर्व जिलाध्यक्ष रूपसिंग मंडावी ने कहा कि पिछली चार के चुनाव से बस्तर जनपद पंचयात में भाजपा का कब्जा है। इसके पीछे संगठन की ठोस रणनीति रही है। मंडावी ने बताया भाजपा के दो मंडलों में कभी बस्तर मंडल से अध्यक्ष तो कभी भानपुरी मंडल से जीत दर्ज हुई है। इसी तरह उपाध्यक्ष में कभी बस्तर से तो कभी भानपुरी के प्रत्याशी को जीत मिली है। यह पार्टी की रणनीति का हिस्सा है।

चर्चा में क्रॉस वोटिंग

जहां अध्यक्ष पद के चुनाव में एक भाजपा समर्थित सदस्य ने क्रॉस वोटिंग कर कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया, वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सभी 14 सदस्यों ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। भाजपा के एक सदस्य द्वारा क्रॉस वोटिंग किया जाना अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *