अबूझमाड़ पीस हाफ मेराथन में यूपी के अक्षय कुमार और इथियोपिया की हिवेत जेब्रीवाहिद ने मारी बाजी

0 अमन की इस दौड़ में देश दुनिया के हजारों धावक हुए शामिल 
0 महिला वर्ग 10 किमी में उप्र की अमृता पटेल प्रथम और इथियोपिया की प्री वेक्नी द्वितीय 

जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में आयोजित अबूझमाड़ पीस हाफ मेराथन इतिहास रच गई। अमन की इस दौड़ में देश-दुनिया के हजारों धावक शामिल हुए। संसदीय कार्य, वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन 2025 के चौथे आयोजन में शामिल होकर बालक हायर सेकंडरी स्कूल के खेल मैदान में प्रातः 5.30 बजे से दौड़ लगाकर मैराथन दौड़ की शुरूआत की। मैराथन दौड़ शुरू होने के पूर्व हजारों धावकों को वार्मअप कराने हेतु जुम्बा डॉस कराया गया, जिसका धावकों ने खूब आनंद लिया। मैराथन दौड़ ओरछा विकासखंड के ग्राम बासिंग में संपन्न हुई जहां विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया गया। अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन दौड़ में हजारों धावकों ने दौड़ लगाई। पुरूष वर्ग में उत्तर प्रदेश के अक्षय कुमार ने 1 घंटा 2 मिनट 15 सेकंड में और महिला वर्ग से इथियोपिया की हिवेत जेब्रीवाहिद ने 1 घंटा 13 मिनट 1 सेकंड में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं पुरूष वर्ग में इथियोपिया के फिरोमसा 1 घंटा 2 मिनट 52 सेकंड और महिला वर्ग में उत्तरप्रदेश की रेनूसिंह 1 घंटा 13 मिनट 18 सेकंड में दौड़ लगाकर द्वितीय स्थान और पुरूष वर्ग में मोहला मानपुर के फुकेश्वर लाल देशमुख ने 1 घंटा 4 मिनट 14 सेकंड और महिला वर्ग में बिहार की अंजलि ने 1 घंटा14 मिनट 46 सेकंड समय लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। 10 किलोमीटर पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान मोनू कुमार, द्वितीय पीयूष मसानी और तृतीय स्थान दीपक कुमार ठाकुर तथा महिला वर्ग में प्रथम स्थान उत्तर प्रदेश की अमृता पटेल, द्वितीय स्थान इथियोपिया की प्री वेक्कनी और तृतीय स्थान उत्तर प्रदेश की अन्नू पाल ने प्राप्त किया। इसी प्रकार 5 किलोमीटर महिला वर्ग में प्रथम स्थान सूरजपूर की सोनिका राजवाड़े, द्वितीय स्थान रायपुर की ईशारानी सिन्हा और तृतीय स्थान सरगुजा की ममता पैकरा ने प्राप्त किया। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी एवं नारायणपुर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने अतिथियों का स्वागत किया और मैराथन आयोजन के उदेश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, बृजमोहन देवांगन, गौतम एस गोलछा, संध्या पवार, डीआईजी दंतेवाड़ा कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव मोहित गर्ग, दुर्ग पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला, नारायणपुर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, अभिषेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर जय उरांव, एसडीएम गौतम पाटिल, अभयजीत मंडावी, डिप्टी कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग, भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारीगण, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

विजेताओं को डेढ़-डेढ़ लाख

प्रथम स्थान विजेताओं को मैडल और 1 लाख 50 हजार रूपए की राशि उनके खाते में आरटीजीएस के माध्यम से अंतरण की जाएगी। वहीं द्वितीय स्थान को 1 लाख रूपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 75 हजार रूपए की राशि चैक के माध्यम से पुरस्कृत किया गया। मैराथन दौड में 10वां स्थान प्राप्त करने वालों को भी पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही नारायणपुर जिले और ओरछा विकासखंड के 10 पुरूष वर्ग और 10 महिला वर्ग विजेताओं को भी मैडल और 5-5 हजार रूपए की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। सांसद महेश कश्यप ने सभी विजय धावकों को अपनी शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मैराथन दौड़ के लिए छत्तीसगढ़ समेत देश के विभिन्न राज्यों के 11 हजार से अधीक धावकों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलचो ने मैराथन के सफल आयोजन हेतु सभी का आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी प्रतिभा शर्मा और व्याख्याता नारायण प्रसाद साहू ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *