छत्तीसगढ़ की राजनीति में बढ़ गई है बस्तर राजमहल की अहमियत

 

0 राजकुंवर की शादी में पहुंची पूरी सरकार 

0 जीवन संगिनी के कदम कमल चंद्र भंजदेव के लिए होंगे शुभ साबित 

(अर्जुन झा) जगदलपुर। बस्तर राज परिवार राजनैतिक रसूख आजादी के बाद से ही रहा है, मगर भारतीय जनता पार्टी के अभ्युदय के बाद राज परिवार का राजनैतिक प्रभाव और ज्यादा बढ़ गया है। बस्तर राजमहल के बढ़ते राजनैतिक प्रभाव और छत्तीसगढ़ सरकार में उसकी पकड़ का असर दो दिन से जगदलपुर में दिखाई दे रहा है।
दरअसल बस्तर राजघराने के कुलदीपक कमलचंद्र भंजदेव का विवाह दो दिन पहले ही राजसी वैभव के साथ संपन्न हुआ है। अभी जगदलपुर में उनके रिसेप्शन का दौर चल रहा है। राजकुंवर और राजकुमारी को आशीर्वाद देने छत्तीसगढ़ की बड़ी हस्तियों की जगदलपुर में आमद लगातार जारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत उनकी सरकार के आधा दर्जन मंत्री अबतक इस शाही विवाह में शामिल होने पहुंच चुके हैं। आज ही उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल यहां पहुंचे। वहीं भूपेश बघेल सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव बाबा यहां दो दिन से डेरा डाले हुए हैं। टीएस सिंहदेव स्वयं एक राज परिवार से हैं और उनके पुराने संबंध बस्तर राज परिवार से हैं। हालांकि बीजेपी का कोई बड़ा लीडर दिल्ली से अभी तक नहीं आया है, लेकिन राजमहल के इस विवाह उत्सव में सरकार की उपस्थिति ने बस्तर राजा कमलचंद्र भंजदेव के राजनीतिक कद और महत्व को सामने ला दिया है। कमलचंद्र भंजदेव भाजपा से जुड़े हुए हैं और हमेशा पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करते आ रहे हैं।बस्तर जिले में बस्तर राज परिवार का व्यापक प्रभाव आज भी कायम है। बस्तर दशहरा समेत अन्य बड़े धार्मिक आयोजन बस्तर राज परिवार की सहभागिता के बिना पूरे नहीं होते। अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में बस्तर राज परिवार की अहमियत और भी बढ़ गई है। कयास लगाया जा रहा है कि राजकुमार कमल चंद्र भंजदेव की जीवन संगिनी बनकर आई राजकुमारी के कदम बस्तर राज परिवार के लिए शुभ साबित होने वाले हैं। कमल चंद्र भंजदेव को शासन स्तर पर कोई महत्वपूर्ण और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *