जगदलपुर। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में शिक्षाविद, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा आर्यसमाज के राष्ट्रभक्त सन्यासी और स्वामी दयानंद सरस्वती की शिक्षा का प्रसार करने वाले स्वामी श्रद्धानंद की जयंती मनाई गई।
प्राचार्य मनोज शंकर के मार्गदर्शन में शनिवार को स्वामी श्रद्धानंद जयंती मनाई गई। प्राचार्य ने स्वामी श्रद्धानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए तथा अन्य शिक्षकों ने भी स्वामी जी के छायाचित्र के समक्ष श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्राचार्य मनोज शंकर ने स्वामीजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी जी एक महान समाज सुधारक थे। स्त्री शिक्षा के प्रबल पक्षधर स्वामी श्रद्धानंद ने कन्याओं के लिए विद्यालय खोला एवं हिंदुओं की घर वापसी के लिए शुद्धि आंदोलन चलाया। ऐसे महान समाज सुधारक की कमी को पूरा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वामी श्रद्धानंद महर्षि दयानंद के प्रमुख शिष्यों में से एक थे। आर्य समाज के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार में उनका योगदान अभूतपूर्व है। उनके कार्यों तथा पवित्र आचरण से उन्होंने पूरा जीवन धर्म राष्ट्र, राष्ट्रभाषा और जनता की सेवा में अर्पित कर दिया। हमें उनके आदर्श जीवन से प्रेरणा लेकर समाज व राष्ट्र की सेवा में अपना बहुमूल्य योगदान देना चाहिए। इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण उपस्थित थे।