० जगदलपुर को बनाएंगे स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और विकसित शहर
० दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करेंगे शहर का विकास : संजय पाण्डे
जगदलपुर। भाजपा के नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डे ने यहां भाजपा जिला कार्यालय में आज प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित भाजपा नगर सरकार शहर के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव संकल्पित रहेगी। आमजन से जुड़ी प्रत्येक छोटी-बड़ी समस्याओं का अविलंब निदान होगा। स्वच्छता को लेकर विशेष प्रयास योजनाबद्ध रूप से किए जाएंगे। अटल संकल्प पत्र की घोषणाएं अटल हैं, सारी घोषणाएं समय पर पूरा करेंगे। शहर की देवतुल्य जनता ने अटूट विश्वास व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
महापौर संजय पांडे ने भाजपा के सभी नव निर्वाचित 30 पार्षदों के साथ पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, चुनाव संचालक व मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप एवं जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों नुक्कड़ सभाएं एवं परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए अपने आप को चुनावी रण में झोंक दिया था। जिसके परिणामस्वरूप भाजपा को महापौर सहित 30 पार्षद सीटों पर ऐतिहासिक वृद्धि के साथ जीत मिली है। श्री पाण्डे ने कहा कि भाजपा की नगर सरकार मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगी। सड़क, बिजली, पानी से लेकर सिटी बस, रोड कनेक्टिविटी एवं एयर कनेक्टिविटी जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ दुरूस्त किया जाएगा। स्वच्छता हम विशेष तौर पर फोकस करेंगे। हम दलगत राजनीति से उठकर सारे आयामों को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर और विकसित जगदलपुर बनाएंगे। नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डे ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग, पुलिस प्रशासन, मीडिया एवं लोकतंत्र के इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए मतदाताओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिन रात परिश्रम की पराकाष्ठा की, उसका अभूतपूर्व परिणाम भी हुआ और जगदलपुर में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी, इसके लिए हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता भी बधाई एवं धन्यवाद के पात्र हैं। हम सब मिलकर, सभी के सहयोग से सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ जगदलपुर शहर को संवारेंगे। प्रेसवार्ता के दौरान प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, योगेंद्र पाण्डे, आलोक अवस्थी, सफीरा साहू, नरसिंह राव, सुरेश गुप्ता, राजेंद्र वाजपेयी, संग्राम सिंह राणा, प्रकाश झा, निर्मल पाणिग्रही, खेमसिंह देवांगन सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।