रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और उसके नेता सैम पित्रौदा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस पार्टी का हाथ सीधे तौर पर अलगाववादियों और देश विरोधी ताकतों के साथ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सैम पित्रौदा को कांग्रेस में देश के दुश्मनों का समर्थन बढ़ाने के लिए रखा गया है।
सीएम साय ने कहा, “सैम पित्रौदा ने पहले भारतीय नस्ल को अपमानित किया और अब बार-बार भारत के खिलाफ बयान देकर दुष्प्रचार करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस की यह अघोषित नीति बन चुकी है कि देश को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पित्रौदा के विवादास्पद बयानों के बाद कांग्रेस द्वारा उन्हें निजी बयान बताने की पुरानी रणनीति दिख रही है। साय ने कांग्रेस की नीति पर निशाना साधते हुए कहा, “यह साबित करता है कि कांग्रेस अभी भी अपनी पुरानी नीति पर काम कर रही है, जहां देश विरोधियों को तुष्ट करने के लिए बयान दिलाए जाते हैं और फिर उन्हें निजी बयान बताकर खुद को साफ किया जाता है।”
सीएम साय ने यह सवाल भी किया कि क्या कांग्रेस पित्रौदा के बयानों से सहमत नहीं है, तो क्या उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाएगा? उन्होंने कहा कि अगर पित्रौदा को पार्टी से बर्खास्त नहीं किया जाता, तो यह साफ हो जाएगा कि कांग्रेस आलाकमान के इशारे पर देश को कमजोर करने की साजिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पूरी घटनाक्रम को निंदनीय बताया और कहा कि इसे कतई सहन नहीं किया जा सकता।