रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सकारात्मक मतदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यों के दम पर जनता का विश्वास जीता है और कांग्रेस की लगातार गिरती स्थिति इसे और स्पष्ट कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस शून्य पर रही थी, अब छत्तीसगढ़ के नगर निगमों में भी वह शून्य हो गई है। कांग्रेस निरंतर शून्य की ओर बढ़ रही है।
उपमुख्यमंत्री ने एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने 10 नगर निगमों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। 49 में से 35 नगरपालिकाओं और 114 नगर पंचायतों में से 81 में भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने “मोदी की गारंटी” के तहत अपने वादों को तेजी से पूरा किया। सरकार ने 7,500 करोड़ रुपये की राशि नगरीय निकायों को जारी की, जनसमस्या निवारण पखवाड़ा और स्वच्छता अभियान चलाए, साथ ही अनुकंपा नियुक्तियों के लंबित मामलों का समाधान किया।
मोदी गारंटी के वादे हुए पूरे
उपमुख्यमंत्री साव ने बताया कि सरकार ने प्रदेश के 25 लाख किसानों का प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा और अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान किया। 12 लाख किसानों को दो साल के बकाया बोनस का भुगतान कृषक उन्नति योजना के तहत किया गया। 70 लाख महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1,000 रुपये जमा किए जा रहे हैं। 13 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रति मानक बोरा 5,500 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि 5.62 लाख भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10,000 रुपये मिल रहे हैं। इन योजनाओं से भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है।
भाजपा का बढ़ता जनाधार
उन्होंने कहा कि भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को 46% वोट मिले, लोकसभा चुनाव में यह बढ़कर 52% हो गया और अब नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को 55.41% वोट मिले हैं। भाजपा ने निकाय चुनावों के लिए “अटल विश्वास पत्र” जारी कर विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया, जिस पर जनता ने भरोसा जताया।
पंचायत चुनावों में भी भाजपा को मिलेगी भारी जीत
उपमुख्यमंत्री ने पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि पहले चरण में 27,210 पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि गांवों में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश ऊंचा है और बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन दिख रहा है और पंचायत चुनावों के नतीजे भी भाजपा के पक्ष में रहेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना को मिली रफ्तार
उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पांच साल तक प्रधानमंत्री आवास योजना ठप पड़ी थी, जिससे ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ी। भाजपा सरकार बनने के बाद 8 लाख से अधिक हितग्राहियों को पहली किश्त मिल गई है, 2 लाख मकान बनकर तैयार हो गए हैं और गृह प्रवेश कराया जा चुका है। गांवों में महतारी सदन बनाए जा रहे हैं और विकास कार्यों को गति मिल रही है। इस मौके पर प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम, सुरेंद्र पाटनी और पैनलिस्ट डॉ. किरण बघेल भी उपस्थित रहे।