० जनता से जुड़े कार्य व शहर का सर्वागीण विकास हो प्राथमिकता: किरण देव
० जिम्मेदारी बड़ी है, लगन से निभाएं केदार कश्यप
जगदलपुर। नगर निगम चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा संगठन ने पार्टी जिला कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित महापौर व सभी 30 पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में विशेष रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं कैबिनेट मंत्री व नगर निगम चुनाव प्रभारी केदार कश्यप विशेष रूप से उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने नवनिर्वाचित प्रत्याशियों को बधाई देते हुए शहर के विकास व जनता की सेवा में निरंतर कार्य करते रहने की प्रेरणा दी। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने नगर निगम जगदलपुर में भाजपा के काबिज होने की बधाई देते हुए पंचायत चुनाव में भी भाजपा की जीत के लिए सभी को परिश्रम करने के लिए कहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अपने संबोधन में कहा कि महापौर सहित भाजपा के 30 पार्षद जनता के आशीर्वाद से विजयी होकर नगर निगम में भाजपा की सरकार चलाएंगे। जनता से जुड़े प्रत्येक कार्य का समय पर उचित निदान व शहर का सर्वागीण विकास प्राथमिकता में होना चाहिए। ट्रिपल इंजन की सरकार समस्त कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से बनी है।प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। आने वाले पांच वर्ष में जगदलपुर शहर व यहां के सम्मानीय निवासियों के लिए महापौर और सभी पार्षद पूरी ज़िम्मेदारी से कार्य करें। साथ ही संगठन द्वारा समय समय पर सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। केबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कर्मठता से प्राप्त हुई है। यह बड़ी जीत सभी निर्वाचित प्रत्याशियों के लिए बड़ी ज़िम्मेदारी भी है। जनता से जुड़े कार्य व उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिये सभी सदैव प्रतिबद्ध रहें। साथ ही संगठन को मजबूत करने व उसको विस्तार देने में भी महती भूमिका निभाएं। देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार है, शहर के विकास की रुपरेखा निर्धारित कर हर काम पूर्ण करने पूरा प्रयास किया जाएगा। बैठक को श्रीनिवास राव मद्दी, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय व नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री आर्येन्द्र आर्य ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से शरद अवस्थी, विद्याशरण तिवारी, रुपसिंह मंडावी, सफीरा साहू, प्रकाश झा आदि सहित नवनिर्वाचित भाजपा पार्षद व पदाधिकारी मौजूद रहे।