संजय पांडे के प्रति बढ़ गया है शहरवासियों के स्नेह और भरोसे का पैमाना

० आज भी पुराने अंदाज में लोगों से मिलते हैं मेयर 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। शहर के नए महापौर संजय पांडे के चाहने वालों और उन पर भरोसा करने वालों की जगदलपुर में कोई कमी नहीं है। इस बात की तस्दीक चुनावी नतीजे ने तो कर ही दी है, परिणाम आने के बाद उन्हें बधाई देने उनके निवास पर उमड़ रही भीड़ भी संजय पांडे की लोकप्रियता की गवाही दे रही है।
यह बात सौ फीसदी सच है कि चाहत और विश्वास की कोई सीमा नहीं होती है। जिसने ये दोनों चीजें गंवा दी, उसका कोई वजूद नहीं रह जाता। इस मामले में नए महापौर संजय पांडे बड़े धनी हैं। शहर में उनके सैकड़ों फैन्स हैं, जो उन पर जान छिड़कते हैं और आंख मूंद कर भरोसा भी करते हैं। संजय पांडे जब एक सामान्य लेकिन कद्दावर पार्षद थे तब भी रोज सुबह अपनी पीड़ा और समस्याएं लेकर उनके निवास पर पहुंचने वालों का तांता लगा रहता था। संजय पांडे हर व्यक्ति की व्यथा कथा ध्यान से सुनते और उनकी समस्याओं का समाधान करवाते रहे हैं। संजय पांडे के महापौर चुने जाने के बाद भीड़ और ज्यादा बढ़ गई है। मगर संजय पांडे के बर्ताव में अभी कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है। निवास में बड़ी भीड़ लगी रहती है और आज भी वे पुराने संजय पांडे की तरह ही बरमुड़ा तथा हाफ टी शर्ट पहनी हालत में ही अपनी अवाम के बीच पहुंच जाते हैं। पुराने अंदाज में ही लोगों के दुख दर्द वाकिफ होते हैं, उन तकलीफो को दूर करते हैं। रविवार की सुबह संजय पांडे के निवास में इस संवाददाता को जो नजारा दिखा, वह दिल को बड़ा सुकून देने वाला था। भगवान करे जगदलपुर का लाड़ला संजय हमेशा जन मानस के साथ रिश्ते के बंधन को ऐसे ही मजबूत बनाए रखे। संजय पांडे के महापौर बनने के बाद लोगों की उम्मीदें उनसे काफी बढ़ गईं हैं और भरोसा तो आसमान की बुलंदियों को छू रहा है। जिन्होंने उन्हें महापौर चुना है अब वे पूर्ण विश्वास के साथ उनके पास आ रहे हैं कि नगर निगम से संबंधित समस्या का निदान अब सही तरीके से होगा। यह तस्वीर रविवार अल सुबह की है, जब दर्जनों लोग उनका स्वागत करने पहुंचे थे। लोगों का कहना है कि संजय पांडे चार बार पार्षद और दो बार नेता प्रतिपक्ष रहे हैं। उन्होंने अपने ही वार्ड नहीं, बल्कि अन्य वार्डों की भी समस्याओं के निराकरण के लिए काम किया है। उनके दीर्घ अनुभव का लाभ जगदलपुर को निश्चित ही मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *