रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद केंद्रीय नेतृत्व में खुशी का माहौल है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य राष्ट्रीय नेताओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश भाजपा संगठन को बधाई दी। नेताओं ने मुख्यमंत्री साय की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रदेशवासियों के अटूट विश्वास का जिक्र किया और इस ऐतिहासिक जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल-इंजन सरकार के प्रभावी कामकाज का परिणाम बताया।
गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में जन-जन तक विकास कार्यों की पहुंच और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के उद्देश्य को मान्यता देने वाली है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इसे जन-कल्याणकारी योजनाओं और जनजातीय-हितैषी कार्यों पर प्रदेशवासियों के अडिग विश्वास का प्रतीक बताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस शानदार विजय के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी, इसे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में जनता का विश्वास मानते हुए इसे अपार समर्थन का प्रतीक कहा।
इसके अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने भी बधाई दी, यह कहते हुए कि यह ऐतिहासिक विजय भाजपा के कामकाज पर विश्वास का प्रतीक है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में जन-कल्याणकारी नीतियों का परिणाम बताया और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए दस में दस नगर निगम, 49 में से 35 नगर पालिका और 114 में से 81 नगर पंचायतों में विजय हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस प्रचंड जीत पर प्रदेशवासियों का आभार जताया और अटल विश्वास पत्र के तहत किए गए सभी वादों को पूरा करने का भरोसा दिया।