0 चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं
जगदलपुर। नगरी निकाय चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आए, जनादेश शिरोधार्य है। कांग्रेस पार्टी ने पूरी ताकत और एकजुटता से चुनाव लड़ा। हमारे सभी वरिष्ठ नेता चुनाव अभियान का प्रमुख हिस्सा थे। कांग्रेस ने पूरे चुनाव में अपने सिद्धांतों पर समझौता नहीं किया।
राजीव भवन जगदलपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने कहा कि भाजपा नगरीय निकाय चुनाव के पहले से ही सत्ता का दुरुपयोग कर रही थी। पहले चुनाव को टालने की कोशिश हुई, फिर चुनावों की तारीखें आगे बढ़ा दी गईं। पहले घोषित किया गया था कि चुनाव बैलेट पेपर से होगा, बाद में निर्णय हुआ मतदान ईवीएम से कराया जाएगा। ईवीएम से मतदान निश्चित किया गया तो अध्यक्ष और पार्षदों के मशीनों को एक साथ जोड़ा गया। उसमें वीवीपेट की व्यवस्था नहीं की गई। जबकि ईवीएम के मामले सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि वीवीपैड जोड़ा जाना चाहिये। प्रदेश में मतदान के दौरान 100 से अधिक स्थानों पर ईवीएम बंद होने, खराब होने की शिकायते आई किसी प्रकार मतदान संपन्न हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने चुनाव में सत्ताबल, धनबल का दुरुपयोग किया। जनता को प्रभावित करने शराब बांटी गई। प्रलोभन के लिए सामग्रियां बांटी गई। पुलिस का प्रशासन का दुरूपयोग करके कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया। जबरिया थानों में बंद रखा गया। भाजपा ने इस जीत के लिए तमाम तरीके के अलोकतांत्रिक हथकंडे अपनाए। इसके बावजूद हमारे कार्यकर्ता चुनाव में डटे रहे। जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे। इस नतीजों से हम निराश जरूर हैं, लेकिन हताश नहीं हैं। प्रमुख विपक्षी दल के रूप में हम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहेंगे। भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ हमारी लड़ाई और तेज होगी। दीपक बैज ने कहा कि इस नतीजे से भाजपा की साय सरकार के जनविरोधी कार्यो की माफी नहीं हो जाती है। पिछले 1 वर्ष में भाजपा सरकार ने जो वादाखिलाफी भ्रष्टाचार किया है। बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर सरकार कल भी कटघरे में खड़ी थी, आज भी खड़ी है। मोदी की गारंटी के अधूरे कामों के समान अटल विश्वास पत्र के मुद्दे कागजों में दम न तोड़े कांग्रेस विपक्ष के रूप में सरकार को सचेत करती रहेगी। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, रशीद खान, रंजीत बख्शी, रविशंकर तिवारी, जावेद खान, असीम सुता, शादाब अहमद, उस्मान रजा सहित मौजूद रहे