रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध जहरीली शराब के सेवन से बिलासपुर जिले के लोफंदी में आठ लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। इस घटना के लिए वे भाजपा और साय सरकार को जिम्मेदार मानते हैं।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा, चुनाव को प्रभावित करने के लिए सत्ता के संरक्षण में भारी मात्रा में शराब मंगवा रही है। उन्होंने कहा कि शराब के कारोबार पर सरकार का पूरा नियंत्रण है और बिना उनके संरक्षण के राज्य में शराब का परिवहन संभव नहीं है। इसके अलावा, बेमेतरा से सिमगा तक 1480 पेटी शराब की जब्ती को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और पूछा कि इतने दूर शराब कैसे पहुंची।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों को फंसाने के लिए भी शराब का सहारा ले रही है। दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र वर्मा के फार्म में पुलिस ने शराब की गाड़ी भेजी और फिर वहां से फर्जी जप्ती बनाई। शुक्ला ने इसे भाजपा की घिनौनी चाल बताया और इस मामले की शिकायत कांग्रेस ने डीजीपी और चुनाव आयोग से की है।
शुक्ला ने कहा कि भाजपा नगरीय निकाय चुनावों में अपनी हार से बौखलाकर सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, कांग्रेस के खिलाफ झूठे आरोप पत्र बनाकर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। भाजपा की नाकामी छिपाने के लिए वे सत्ता बल, धन बल और शराब का सहारा ले रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के कई नेता भी उपस्थित थे, जिनमें महामंत्री दीपक मिश्रा, महामंत्री सकलेन कामदार, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सलाम रिजवी, नितिन भंसाली, वंदना राजपूत और सत्य प्रकाश सिंह शामिल थे।