दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह का बयान, कांग्रेस पूरी तरह अप्रासंगिक हो गई है

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने दिल्ली में भाजपा की रिकॉर्ड जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने दिल्ली में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है और यह जीत जनता का विश्वास और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसे का प्रतीक है। श्री सिंह ने कहा कि मोदी जी की गारंटी पर दिल्लीवासियों ने भरोसा जताया और आम आदमी पार्टी को नकारते हुए भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशवासी अब एकजुट हो गए हैं, और भारत को 2047 तक विकसित बनाने के संकल्प में भागीदार बन चुके हैं। उनका मानना है कि परिवारवाद और निजी स्वार्थ पर चलने वाली पार्टियां अब जनता के बीच अप्रासंगिक हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी के बारे में उन्होंने कहा कि यह पार्टी दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में अप्रासंगिक हो चुकी है, और इसके पीछे मुख्य कारण कांग्रेस नेताओं की नकारात्मक सोच और देश विरोधी गतिविधियाँ हैं।

श्री देव सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी और इसके सहयोगी दलों का दुष्प्रचार अब लोगों को प्रभावित नहीं कर सकता। दिल्ली की जनता ने इस तरह के झूठे वादों और दुष्प्रचार को नकारा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां भी कांग्रेस और इसके सहयोगी दलों की सरकारें आईं, वहां उन्होंने केवल देश का शोषण किया और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपनी नकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की जीत के बाद पूरे देश में प्रधानमंत्री मोदी के सपनों की लहर चल रही है। उनकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है, और इसीलिए छत्तीसगढ़ की जनता भी आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा के विश्वास पत्र पर भरोसा रखते हुए प्रदेश में “ट्रिपल इंजन” सरकार बनाने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *