रायपुर। आज डोंगरगढ़ के चंद्रगिरि तीर्थस्थल में आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव और श्री 1008 सिद्धचक्र विधान विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महामुनिराज की समाधि पर पहुँचकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आचार्य विद्यासागर जी महाराज ने सत्य, अहिंसा और परमार्थ के मार्ग पर समाज को एकजुट करने का कार्य किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की पावन धरती को अपनी संलेखना के लिए चुना, जिससे प्रदेश के लोगों के प्रति उनके प्रेम और स्नेह का परिचय मिलता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हुए कहा, मेरी कामना है कि छत्तीसगढ़ पर आचार्य विद्यासागर महाराज का आशीर्वाद सदैव बना रहे और प्रदेश निरंतर प्रगति एवं खुशहाली की ओर अग्रसर हो।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संतजन उपस्थित रहे, जिन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के बताए मार्ग का अनुसरण करने का संकल्प लिया।