रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरबा से नगरीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की और भाजपा के अटल विश्वास पत्र को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि जैसे मोदी की गारंटी पूरी होती है, ठीक वैसे ही हम अटल विश्वास पत्र के एक-एक वादे को पूरा करेंगे।
कोरबा के घण्टाघर मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र में अब तक 400 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए दी है। उन्होंने भाजपा की महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत और अन्य 67 वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों को भारी समर्थन देने की अपील की।
सीएम साय ने नगरीय निकायों में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों को मालिकाना हक दिलाने के लिए नया कानून लाने का वादा किया। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों में पीएम आवास योजना के तहत तीन लाख से अधिक आवास बनाने की घोषणा की। इसके अलावा, महिलाओं को संपत्ति कर में 25% छूट देने और पिंक टॉयलेट बनाने की योजना भी साझा की।
किसानों के लिए खुशखबरी देते हुए उन्होंने कहा कि दो से तीन दिन में सभी 25.49 लाख किसानों को धान की अंतर की राशि उनके खातों में भेज दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार था और अब भाजपा की सरकार में प्रदेश में विकास हो रहा है। उन्होंने शराब और कोयला घोटाले पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद पिछले 13 महीने में 3 करोड़ छत्तीसगढ़ियों का विश्वास भाजपा सरकार पर बढ़ा है। उन्होंने पीएम आवास, किसानों को धान का बोनस और तेंदूपत्ता का दाम बढ़ाने जैसे कई अन्य फैसलों का जिक्र किया।
चुनावी सभा में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, और अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।