सीएम सलाहकार पंकज झा ने कांग्रेस को दी चुनौती, ‘घोषणा पत्र’ को समर्पित करें एओ ह्यूम को

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा भी इस जंग में कूद पड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस के अटल बिहारी वाजपेयी पर कसे गए तंज का जोरदार पलटवार करते हुए कांग्रेस को एक चुनौती दी है। पंकज झा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस ने ‘अटल विश्वास पत्र’ में अटलजी के नाम पर सवाल उठाया है, जो उनके खिसियाहट का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को अपने संस्थापक और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी पर गर्व है, क्योंकि वह छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता भी हैं। झा ने बताया कि अटलजी के शताब्दी वर्ष पर स्वाभाविक ही उनका नाम घोषणा पत्र में शामिल किया गया है।

इसके साथ ही पंकज झा ने कांग्रेस को सुझाव देते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने घोषणा पत्र का नाम अपने संस्थापक एएल ह्यूम को समर्पित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने इतिहास के दो महत्वपूर्ण चेहरों, एओ ह्यूम और क्वात्रोकी, को हमेशा भूल जाती है, जो कि ठीक नहीं है।

पंकज झा ने कांग्रेस को याद दिलाया कि 2019 के नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी किया था, लेकिन उसके बाद उन घोषणाओं को क्यों कचरे के डब्बे में डाल दिया, यह सवाल भी कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *