कांग्रेस का आरोप: भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में जनता को ठगने के लिए अटल विश्वास पत्र जारी किया

रायपुर। राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में जनता को ठगने के लिए नया ‘अटल विश्वास पत्र’ जारी किया है, जबकि विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी के नाम पर किए गए 20 वादों में से 17 आज भी पूरे नहीं हुए हैं।

उन्होंने कहा, “भाजपा का यह नया घोषणा पत्र केवल जनता को भ्रमित करने की चाल है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मोदी की गारंटी का दावा किया था, लेकिन एक साल बाद उस गारंटी के 17 वादे आज भी अधूरे पड़े हैं। इसके बाद भाजपा अब अटल जी के नाम से विश्वास पत्र जारी कर रही है, क्योंकि उसे पता है कि अब मोदी के नाम पर जनता वोट नहीं करेगी।”

सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा के वादों की सूची पेश करते हुए कहा, “जब भाजपा ने विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा नहीं किया, तो अब किस नैतिकता से वे नया घोषणा पत्र पेश कर रहे हैं? इसमें किए गए वादे भी झूठे हैं और पूरी तरह से अव्यावहारिक हैं।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने पट्टाधारकों को भू-स्वामी बनाने का वादा किया था, लेकिन कांग्रेस सरकार के दौरान किए गए भू-स्वामी के अधिकारों को रद्द करने का प्रस्ताव पारित किया है।

कांग्रेस नेता ने भाजपा के विकास कार्यों की कमी की आलोचना करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में भाजपा की सरकार आने के बाद विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प हो गए हैं, और अब नया विकास का वादा केवल झूठा है। गोठानों को बंद कर दिया गया, गोकुल नगर बनाने का वादा किया गया था, लेकिन वह भी झूठा साबित हुआ।

उन्होंने आगे कहा, “भाजपा ने सिकल सेल और एनीमिया के लिए बजट में कटौती की और अब निकायों के माध्यम से इसे नियंत्रित करने का झूठा वादा कर रही है।” इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा ने 7 तारीख के पहले प्रॉपर्टी टैक्स पर 10 प्रतिशत छूट देने का वादा किया, लेकिन यह प्रैक्टिकल रूप से संभव नहीं है।

सुशील आनंद शुक्ला ने 2023 में मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों की लंबी सूची पेश की, जिसमें कृषि उन्नति योजना, रिक्त शासकीय पदों पर भर्ती, प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण बोनस, आयुष्मान भारत, स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) और कई अन्य योजनाओं का उल्लेख किया, जिन्हें भाजपा ने पूरा नहीं किया।

कांग्रेस ने भाजपा के ‘अटल विश्वास पत्र’ को जनता के साथ धोखा और वादाखिलाफी का दस्तावेज करार दिया और आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ चुनावी जुमलों के सहारे जनता को ठगने की कोशिश कर रही है। इस प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र शर्मा, अजय साहू, धनंजय सिंह ठाकुर और सुरेन्द्र वर्मा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *