० छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का संकल्प: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर का 10वां दीक्षांत समारोह भव्य और गरिमामय तरीके से आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर 4200 विद्यार्थियों को उपाधियां दी गई, जिसमें 16 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और 18 विद्यार्थियों को रजत तथा 4 को कास्य पदक प्रदान किए गए।
राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षा की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भोजन और सुविधाएं प्रदान करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख किया, जिसके अंतर्गत डिग्री के साथ कौशल विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कृषि क्षेत्र की महत्ता पर भी चर्चा की और किसानों के लिए नई तकनीक विकसित करने की आवश्यकता जताई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी बात में कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने के लिए ऊर्जा से भरे युवाओं की शक्ति का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए राज्य में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की ओर इशारा किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम और इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजीनियरिंग एण्ड बायोटेक्नोलॉजी के पूर्व महानिदेशक डॉ. वांगा शिवा रेड्डी ने भी अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के योगदान को सराहा और कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के विकास को प्रोत्साहित करने के लिए विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह में कृषि के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। विश्वविद्यालय द्वारा विकसित 160 से अधिक फसलों की किस्मों और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए तैयार किए गए बीजों की सराहना की गई।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्राध्यापक, वैज्ञानिक, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित थे।