रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अपमान किया है, जो करोड़ों भारतीयों और पूरे आदिवासी समाज का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
श्री साव ने कहा, कांग्रेस का शाही परिवार आदिवासी समाज की बेटी को सर्वोच्च पद पर देख नहीं पा रहा है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने जिस भाषा का इस्तेमाल राष्ट्रपति जी के लिए किया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्हें संपूर्ण आदिवासी समाज और देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।
2047 के विकसित भारत के निर्माण का बजट
आज संसद में केंद्रीय बजट पेश होने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह बजट भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा, यह बजट आम लोगों के जीवन को सहज और समृद्ध बनाने वाला होगा। बीते 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने बजट के माध्यम से जनता के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का कार्य किया है। निश्चित रूप से लक्ष्मी जी की कृपा आम जनमानस पर होगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस के बजट पर प्रतिक्रिया को लेकर भी श्री साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद निराश है और उसकी सोचने-समझने की शक्ति खत्म हो गई है। उन्होंने कहा, प्रियंका गांधी अब अपनी मां और भाई के बचाव में आ रही हैं, लेकिन सच यही है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अपमान किया है, जो अस्वीकार्य है। उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आदिवासी समाज और देशवासी इस अपमान को कभी नहीं भूलेंगे और कांग्रेस को इस पर माफी मांगनी होगी।