चित्रकोट जलप्रपात में सैकड़ों पेड़ो की अवैध कटाई, संबंधितो लोगों पर हो कड़ी कार्रवाई – सुशील मौर्य

0 चित्रकोट जलप्रपात के सौंदर्य व पर्यावरण के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं 

जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने बस्तर आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक के नाम पर विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात स्थल के सैकड़ों पेड़ों की अवैध कटाई की जांच हेतु चित्रकोट पहुंचा। चित्रकोट जलप्रपात के नीचे काटे गए पेड़ों का निरीक्षण किया गया। सैकड़ों पेड़ो की अवैध कटाई के प्रमाण मिले।
शहर जिला कांग्रेस सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, उपनेता प्रतिपक्ष राजेश राय, जनपद अध्यक्ष महेश कश्यप ने लोहंडीगुड़ा थाना जाकर कटाई के लिए संबंधित विभाग पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।सुशील मौर्य ने कहा कि चित्रकोट जलप्रपात के नीचे सैकड़ों पेड़ो की अवैध कटाई अति निंदनीय है। यह प्रकृति, पर्यावरण व चित्रकोट जलप्रपात के सौंदर्य के साथ खिलवाड़ भी है। इसके पूर्व यहां पर मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति आए हैं परंतु किसी की सुरक्षा का हवाला देकर आज तक पेड़ो की कटाई नही हुई। एक पेड़ मां के नाम अभियान का ढिंढोरा पीटने वाली डबल इंजन की सरकार में पेड़ क्यों काटे जा रहे हैं? मुख्यमंत्री विष्णुदेव पूरे प्रदेश में नारा देते है पर्यावरण संरक्षण हमारा प्राथमिक कार्य है। वहीं पेड़ों से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को किस प्रकार का खतरा था, यह समझ से परे है। कुल मिलाकर डबल इंजन की सरकार सिर्फ अपने मंत्रिमंडल को पिकनिक मनाने यहां लाई थी। जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है। बस्तर की मनमोहक सुंदरता के प्रतीक चित्रकोट जलप्रपात की सौंदर्य व पर्यावरण के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक रेखचंद जैन, जनपद अध्यक्ष महेश कश्यप, ब्लॉक अध्याय लक्ष्मण कश्यप, उपनेता प्रतिपक्ष राजेश राय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, ज़ाहिद हुसैन, अनुराग महतो, युंका अध्यक्ष चित्रकोट भंवर मौर्य, सहदेव नाग, सीमांचल ठाकुर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *