मित्र उद्योगपतियों के लिए बंदूक की नोक पर ग्रामीणों की आवाज दबा रही है सरकार : दीपक बैज

०  परसा और केंते क्षेत्र के प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज 
(अर्जुन झा)
रायपुर/जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज शनिवार को परसा-केंते क्षेत्र में जंगलों की कटाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और प्रभावितों से से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें अपने उद्योगपति मित्र के हित संवर्धन के लिए ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय का दमन करने बंदूक का सहारा ले रही है।


पीसीसी चीफ दीपक बैज और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धंनेंद्र साहू ने जंगल और जमीन की रक्षा के लिए प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों और अन्य ग्रामीणों से भेंट कर उन्हें भरोसा दिलाया कि हक एवं इंसाफ की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी आप लोगों के साथ खड़ी है। भाजपा की सरकारें चाहे जितना भी जुल्म ढाए आपको डरने की जरूरत नहीं है। प्रदर्शनरत लोगों से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया के लोगों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और हसदेव अरण्य क्षेत्र के आदिवासियों की बातों को अनसुना कर केंद्र सरकार मनमानी पर उतर आई है। कोल ब्लॉक का आवंटन अपने मित्र उद्योगपति के नाम पर करने के लिए क्षेत्र के आदिवासियों के साथ अत्याचार सरकार करवा रही है। फर्जी ग्रामसभा के अनुमोदन पर कोल ब्लॉक आवंटन की जांच के सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि हमारी सरकार ने इसकी जांच कराई थी। उन्होंने कहा कि यह सरकार आदिवासी समुदाय पर जुल्म ढा कर अपने मित्र के हितों की रक्षा करने में लगी है। प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों को बंदूक के दम पर डराया धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर ग्रामसभा और क्षेत्र के आदिवासियों एवं ग्रामीणों की मंशा के अनुरूप कोल खनन की अनुमति दी जाती है तो हमें कोई आपत्ति नहीं है, मगर धमकी चमकी और बंदूक की नोक पर ऐसा किया गया, तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *