भाजपा सरकार के कार्यों का झूठा श्रेय ले रहे हैं नपा अध्यक्ष शीबू नायर : श्याम जायसवाल

0 भाजपा नेता जायसवाल ने की नपाध्यक्ष की खिंचाई
दल्लीराजहरा। भाजपा के युवा नेता श्याम जायसवाल ने भाजपा सरकार के कार्यों का श्रेय लेने पर नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर की जमकर खिंचाई की है। श्याम जायसवाल ने शीबू नायर पर झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले 5 सालों से कांग्रेस सरकार ने दल्ली राजहरा का कोई विकास नहीं किया। जो भी पैसा पिछली सरकार में आया उसका नगर पालिका अध्यक्ष शिबू नायर द्वारा दुरुपयोग और भारी भ्रष्टाचार कर शहर के विकास को रोक दिया गया था। हमारे भाजपा पार्षदों के वार्डो में शीबू नायर ने कोई विकास कार्य नही किया। लगातार भाजपा पार्षदों को परेशान कर उनके वार्डो में उनकी छवि खराब करने भरपूर प्रयास शीबू नायर द्वारा किया गया। आज हमारी भाजपा सरकार व पार्षदों के कार्यो का श्रेय लेने तुरंत विज्ञप्ति जारी कर रहे हैं। शीबू नायर अपनी पीठ खुद थपथपा रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष को कुछ तो शर्म आनी चाहिए। श्याम जायसवाल ने आगे कहा कि पिछले 1 वर्ष में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही हमारे भाजपा पार्षद लगातार सक्रियता के साथ दल्लीराजहरा के विकास की मांग कर रहे थे। जिसके बाद छाया विधायक व प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, जिला अध्यक्ष पवन साहू के प्रयासों से हमारी विष्णु देव साय सरकार ने भाजपा पार्षदों की मांग अनुसार करोड़ों की सौगात दल्ली राजहरा को दी है। जैसे ही विकास कार्यों की स्वीकृति की जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर को मिली उनके द्वारा दल्लीराजहरा की जनता को गुमराह करने हमारी साय सरकार द्वारा स्वीकृति विभिन्न विकास कार्यों जिनमे नाली, सीसी, पाइप लाइन आदि कार्यों को अपनी उपलब्धि बताने में लग गए हैं। श्याम जायसवाल ने कहा है कि अधोसंरचना मद के 3 करोड़ की राशि से 27 वार्डों में नाली एवं सीसी निर्माण हेतु, 15 वें वित्त अंतर्गत 1 करोड़ 62 लाख की लागत से विभिन्न वार्डों में आरसीसी नाली एवं सीसी रोड तथा पाइप लाइन, 15वें वित्त में पेयजल समस्या निवारण बाबत 1 करोड़ 29 लाख की लागत से पाइपलाइन विस्तारीकरण की राशि शामिल हैं। श्री जायसवाल ने कहा है कि इसका श्रेय लेने का प्रयास करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर ने मीडिया में झूठा बयान जारी कर दिया, हमारी सरकार व हमारे भाजपा नेताओं के कार्यो को अपना कार्य बताना नगर पालिका अध्यक्ष की छोटी सोच को दर्शाता है। श्याम जायसवाल ने आगे कहा कि पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की जांच हेतु कई आवेदन कलेक्टर व सरकार के उच्च अधिकारियों को दिए गए हैं। जांच के लिए कमेटी भी गठित की जा चुकी है। हमे पूरा भरोसा है। कि जांच पूर्ण होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष के ऊपर सरकारी पैसों की बंदरबांट व भ्रष्टाचार के मामले दर्ज होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *