राज्य सरकार ने माना बाजार में बिक रहा है नकली घी : निकेत झा

0 देवभोग का घी इस्तेमाल करने के फरमान पर कांग्रेस नेता की प्रतिक्रिया
जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री निकेत झा ने कहा है कि राज्य सरकार ने मान लिया है कि प्रदेश में नकली और मिलावटी घी बाजारों में उपलब्ध है इसीलिए सभी प्रमुख शक्तिपीठों को सरकारी देवभोग घी इस्तेमाल करने का आदेश जारी किया गया है।
कांग्रेस नेता निकेत झा ने कहा है कि राज्य सरकार बाजारों में उपलब्ध नकली और मिलावटी घी को रोकने में असफल साबित हुई है।नकली खाद्य सामग्री से मंदिरों में आस्था को चोट पहुंचाई जा रही है और आम जनता के स्वास्थ्य पर संकट की स्थिति निर्मित की जा रही है। महामंत्री निकेत झा ने कहा कि राज्य सरकार बताए कि खाद्य विभाग बाजार में उपलब्ध नकली घी और नकली खाद्य सामग्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है? बड़ी-बड़ी खाद्य सामग्री निर्माता कंपनियों की खाद्य सामग्री की जांच कब की गई थी? कितने कंपनियों की खाद्य सामग्री को प्रतिबंधित किया गया है? जिन कंपनियों की खाद्य सामग्री खराब पाई गई हैं उन कंपनियों के नाम को सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया ? ताकि जनता सजग रहे और उन कंपनियों की खाद्य सामग्री का इस्तेमाल न करे। इसमें बड़ी लापरवाही सरकार की दिख रही है।महामंत्री निकेत झा ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में नकली और मिलावटी खाद्य सामग्री बनाने वाली कंपनियॉ फल फूल रही हैं और आम जनता बीमार पड़ रही है। मंदिरों में भी आस्था को चोट पहुंचाई जा रही है यह गंभीर विषय है सरकार को इसे रोकने तत्काल कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *